कुर्सी (बाराबंकी)। अवैध मिट्टी खनन की लगी दो ट्रालियां को तहसीलदार ने पकड़ लिया। जबकि अन्य चालक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहे। पकड़ी गई दोनों ट्रॉलियों को सीज कर दिया गया है। अवैध खनन की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों भेजी गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों के व्यस्त होने का खनन माफिया जमकर फायदा उठा रहे हैं। बिना अनुमति के लाखों रुपये के राजस्व को चूना भी लगा रहे हैं। इसकी बानगी मंगलवार को उमरा क्षेत्र में देखने को मिली। कुर्सी थाना क्षेत्र में उमरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जमकर मिट्टी पटाई की जा रही थी। बिना अनुमति के किए जा रहे खनन में करीब आधा दर्जन ट्रॉलियां लगी हुईं थीं। मंगलवार रात को तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में तहसील विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची।
लेकिन इससे पहले खनन माफिया को जानकारी हो गई। खनन में लगी जेसीबी व अन्य ट्रॉलियां मौके से भाग निकली। लेकिन इस दौरान टीम ने दो ट्रॉलियां पकड़ लीं। पकड़ी गईं ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर उमरा चौकी भेज दी गई। तहसीलदार ने बताया कि बिना अनुमति के खनन किया जा रहा था। जिसमें दो ट्रॉलियों को पकड़ कर सीज किया गया रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है।