बाराबंकी। अधिक मूल्य पर खाद की बिक्री किए जाने को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह के निर्देश पर तहसीलदार, कृषि व सहकारिता विभाग की गठित टीमों द्वारा जिले के 49 खाद की दुकानों पर छापा मारा गया। इस दौरान खामियां मिलने पर छह विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 14 दुकानों से खाद के नमूने भरे गए। वहीं एक दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तहसील नवाबगंज व रामनगर में उप कृषि निदेशक अनिल कुमार सागर द्वारा खाद की दुकानों पर छापा डाला गया। जहां से चार नमूना लिए गए। वहीं रामसनेहीघाट में उन्होंने स्वयं 14 खाद की दुकानों पर छापा मारा। जहां से अमर बहादुर खाद भंडार नबीपुर की दुकान बंद किए जाने के कारण उनका लाइसेंस निलंबित कर दिया तथा दो विक्रेता किसान और शरद खाद भंडार गुलामपुरवा को कारण बताओ नोटिस दिया।
फतेहपुर तहसील में भी पांच दुकानों पर छापामार कर दो नमूना लिया गया। इनमें शुक्ला खाद भंडार विशुनपुर और माता प्रसाद भूरामल एंड संस फतेहपुर शामिल है। इसी तरह सिरौलीगौसपुर में भूमि संरक्षण द्वारा आठ और हैदरगढ़ में दस दुकानों पर छापा मारा गया जहां तीन दुकान से नमूना लिया गया। इस छापे को लेकर खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। इस दौरान अधिकारियों ने खादी बिक्री के सभी दस्तावेज दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए।