बाराबंकी। अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर सोमवार को नोडल अधिकारी की टीम ने छापा मारा। इसकी सूचना मिलते ही अन्य अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। कुछ संचालक तो क्लीनिक बंद कर भाग खड़े हुए। जिस पर टीम ने दो अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
सीएमओ के आदेेश पर नोडल अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित ने अपनी टीम के साथ शहर के नाका चौराहा स्थित आदर्श अस्पताल पर छापा मारा। टीम को देख अस्पताल में हड़कंप मच गया। यहां पर अव्यवस्था पाए जाने पर सुधार के आदेश दिए। इसके बाद टीम ने दरियाबाद स्थित राज हास्पिटल और शिफा हॉस्पिटल पर छापा मारा और खामियों को दूर करने के निर्देश दिए।
इसके बाद खजूरी रोड पर पीके विश्वास और सरोज नाग द्वारा बिना पंजीयन क्लीनिक संचालित पाए जाने पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। वहीं बदोसरायं रोड स्थित आरएस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। लेकिन यहां पर भी मानक के अनुसार अस्पताल का संचालन न पाए जाने पर अस्पताल संचालक को कार्यालय में उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण पेश करने के आदेश दिए गए हैं। अन्यथा की दशा में पंजीयन निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। (संवाद)