त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों ने बैंक खातों से रुपया निकालने पर रोक लगाए जाने से आक्रोशित होकर ब्लॉक कार्यालय में हंगामा किया। सुविधा शुल्क न मिलने पर कार्रवाई का आरोप लगाया।
ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेलहरी में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना की लाभार्थी शिल्पी, शिवकला, दया देवी, निर्मला, खुशियाली देवी के बैंक खाते से रुपया निकालने पर बीडीओ ने रोक लगा दी है। बुधवार को को खाते से रुपया निकालने के लिए जाने पर बैंक कर्मियों से इसकी जानकारी मिली। बृहस्पतिवार को ब्लॉक पहुंचे और बीडीओ के मौजूद नहीं होने पर जमकर हंगामा किया।
इन लोगों ने प्रथम किस्त निकालने से पहले मांगे गए पांच हजार रुपया नहीं देने पर आवास का रुपया निकालने से रोके जाने का आरोप लगाया है। डीएम को शिकायती पत्र भेजकर आवास का रुपया दिलाने की मांग की है। बीडीओ हरिवंश प्रसाद ने बताया कि तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में इनके अपात्र होने की शिकायत हुई है। मामले की जांच के लिए बैंक को पत्र भेजकर खाते से रुपया निकाले जाने से रोका गया है।