फतेहपुर (बाराबंकी)। नहर में एक युवक का शव बरामद हुआ है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकालकर उसकी पहचान कराई तो वह सीतापुर जिले का निवासी निकला है। वह चौदह दिन से लापता बताया जा रहा है। युवक की हत्या करने के बाद शव नहर में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
बड्डपुर थाना क्षेत्र के भगौली के पास निकली नहर के रेगुलेटर में एक युवक का शव फंसा था। बृहस्पतिवार की दोपहर जब ग्रामीणों ने देखा तो इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। मृतक की शिनाख्त सुमेर सिंह (37) निवासी पोंगलीपुर थाना लहरपुर सीतापुर के रूप में हुई।
इस मामले की सूचना पर पहुंचे मृतक के भाई बचान सिंह ने बताया कि बीते 21 जनवरी से उसका भाई लापता हो गया था जिसकी गुमशुदगी स्थानीय थाने में दर्ज कराई गई थी। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। बताया चौदह दिन से लापता सुमेर की लगातार घरवाले खोज में जुटे थे। भगौली चौकी इंचार्ज ने बताया कि इस मामले में सीतापुर में केस दर्ज है जिसके चलते वहां की पुलिस ही कार्रवाई करेगी।