त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। सड़क के गड्ढ़ों व उड़ती धूल से नाराज ग्रामीणों ने मिट्टी लेकर जा रहे डंपर को रोककर काम बंद करा दिया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए बिना ढके मिट्टी ले जाने व सड़क पर पानी नहीं छिड़कने से परेशानी हो रही है।
बुधवार को थाना लोनीकटरा के दहिला चौराहे पर दुकानदारों व ग्रामीणों ने मिट्टी लादकर जा रहे डंपर को रोककर खड़ा करा दिया जिससे कार्य बंद हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण एजेंसी गायत्री कांस्ट्रक्शन के डंपर सड़क पर मिट्टी पटाई का काम कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इन डंपरों पर ऊपर तक मिट्टी लादकर बिना ढके ले जाई जाती है।
इसके कारण पूरी तरह से उखड़ी सड़क पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जाता है। सड़क से उड़ती धूल व मिट्टी के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इस मौके पर पवन कुमार, जितेंद्र, लल्लन, आदेश, नरेंद्र मौजूद रहे। इस बीच एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर मांधाता सिंह ने सड़क पर पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन देकर कार्य शुरू कराया है। (संवाद)