बाराबंकी। बोरी का वजन न किए जाने से नाराज कोटेदारों ने मसौली इलाके के शहाबपुर गोदाम पर गुरुवार को हंगामा किया। उन्होंने बोरी का वजन किए जाने के बाद भी अनाज की उठान करने की बात कही। इसकी शिकायत जिलापूर्ति अधिकारी और खाद्य विपणन अधिकारी से की है।
प्रदर्शन कर रहे कोटेदारों का आरोप है कि जिले में कोटेदारों का जमकर शोषण किया जा रहा है। कोटेदार संघ के पूर्व पदाधिकारी राहुल बाथम का आरोप है कि विपणन के गोदामों से बोरी का वजन नहीं दिया जा रहा है। बोरी का वजन कम होने पर कोटेदारों को इसकी भरपाई करनी पड़ रही है। कार्डधारक पूरा अनाज आकर ले जाते हैं। बोरी का वजन नहीं किए जाने की शिकायतों के बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा। प्रदर्शन कर रहे कोटेदारों ने कहा कि गोदामों से बोरी का वजन किए जाने पर ही अनाज की उठान करेंगे। कोटेदारों ने इसकी शिकायत जिला पूर्ति अधिकारी और जिला खाद्य विपणन अधिकारी से की है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। कोटेदारों को पूरा अनाज दिने के आदेश सभी गोदाम प्रभारियों को दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।