हर सुहागिन की करवाचौथ व्रत को लेकर तमाम कल्पनाएं होती हैं। आजकल के मॉडर्न जमाने में भी करवा चौथ त्योहार मनाने को लेकर पीढ़ी अंतराल के बावजूद कोई खास बदलाव नहीं आया है। रिश्तों और पुरानी परंपराओं को सहेजने में नई पीढ़ी भी कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
बदलाव आधुनिकता का जरूर है लेकिन संस्कृति और परंपराओं के निभाने की पूरी ललक विवाहिताओं में साफ दिखाई दे रही है। आगामी आठ अक्तूबर को करवा चौथ को लेकर सोलह श्रृंगार की तैयारियों में सुहागिनें जुट गई हैं। बाजार में इम्ब्रायडरी, स्टोन वर्क, नेट, प्योर सिफान, जयपुरिया आदि साड़ियों की खूब डिमांड हैं वहीं ज्वैलरी व बैंगिल्स में नई वैरायटी लोगों को खास लुभा रही है।
खूबसूरत साड़ी विक्रेता राजेश गुप्ता ने बताया कि प्योर सिफान, जयपुरिया, फैंसी प्रिंटेड, लांचे वाली साड़ी बाजार में करवा चौथ पर आई हैं। साड़ी विक्रेता मनोज गुप्ता बताते हैं कि इम्ब्रायडरी, स्टोन वर्क, नेट विथ वर्क, बाहुबली, लक्ष्मीपति, कढ़ाई आदि साडिय़ों की खूब डिमांड है। टू कलर व थ्री कलर मिक्स साड़ियों का क्रेज बढ़ा है। बार्डर इम्ब्रायडरी व नेट टू कलर साड़ी का खासा पसंद किया जा रहा है।
अनंत कुमार ज्वैलर्स बताते हैं कि करवा चौथ पर नक्षत्र ने गोल्ड में नई रेंज उतारी है। डीडामॉस, आस्मी, जिली में भी ज्वैलरी मौजूद है। एंटिक 916 एमरॉड में हारसेट, रिंग, चेन में नई डिजाइन आई हैं। सिल्वर में एसीपीएल की नई वैरायटी विथ डिजाइन आई हैं। इसके अलावा एंटिक पायल व एंटिक बिछिया की नई रेंज आई है। एंटिक पायल दो हजार से पंद्रह हजार की रेंज में मौजूद है।
यह हैं सोलह श्रृंगार
बिंदी, सिंदूर, काजल, मेंहदी, लिपिस्टिक, गजरा, मांग टीका, नथ, कर्णफूल, हार, बाजूबंद, कंगन-चूड़ी, अंगूठी, कमरबंद, बिछुआ और पायल। बाजार में 15 रुपये दर्जन से लेकर दो सौ रुपये दर्जन तक की रेंज में चूड़ियां मौजूद हैं। शमा बैंगिल्स के इरफन अली बताते हैं कि सबसे ज्यादा मांग धारावाहिक के दौरान अभिनेत्रियों द्वारा पहनी जाने वाली चूड़ियों की है।
इसमें भी सबसे ज्यादा डिमांड डिजाइनर चूड़ियों व कुंदन सेटों की है। इन एक सेट चूड़ियों की रेंज 380 रुपये से 3 हजार रुपये तक है। बाजार में फैंसी और डिजाइनर चूड़ियों की श्रंखला में प्रेम रतन, कैनन, दुल्हन, लटकन वाली एंटिक कलर, जोधा अकबर, पीकेएल, कुंदन सेट, जरकन कांच कड़े, डेनिम, वन वाई वन, ब्रायडल चूड़ियां आदि मौजूद हैं। करवाचौथ पर महिलाएं मैरून और लाल रंग की चूड़ियां ही पसंद कर रही हैं।