बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय पर होने की उम्मीद कम लग रही है। इस आशंका के बीच ग्राम प्रधानों ने अपने कार्यकाल को बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 26 मई को वर्तमान कार्यकाल समाप्त हो गया और चुनाव नहीं हुए तो ग्राम पंचायतों में चल रही विकास योजनाओं पर गंभीर असर पड़ेगा।
बनीकोडर और हरख ब्लॉक के ग्राम प्रधानों ने प्रदेश सरकार से कार्यकाल विस्तार की अपील की। उन्होंने राज्य मंत्री खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति सतीश चंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। अखिल भारतीय प्रधान संगठन की हरख इकाई से जुड़े ग्राम प्रधानों ने भी मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी प्रीति वर्मा को सौंपा।
इससे पहले हरख ब्लॉक के अधिकांश प्रधानों ने पटेल सभागार में बैठक की। इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि चट्टान सिंह वर्मा, वीरेंद्र यादव, मोतीलाल, राजेंद्र वर्मा, अखिलेश कुमार, भोला वर्मा, शशि यादव, अयोध्या प्रसाद और बनीकोडर ब्लॉक से रामकली, उर्मिला, देवीदीन, सत्येंद्र, दिलीप कुमार मौर्य, उदय राज, रमेश चंद्र वर्मा, बृजेश, अंबु सिंह, शैल, सरोज, मानसी सिंह, शालिनी देवी, महाराज दीन, फूलकुंवर और जितेंद्र कुमार ने कार्यकाल विस्तार की मांग का समर्थन किया।