बाराबंकी। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं इस बार 25 जनवरी से एक फरवरी 2024 के मध्य संपन्न होंगी। प्रयोगात्मक परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस बार 31536 बच्चों ने पंजीकरण कराया होगी। प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में करानी होंगी, जिसकी रिकॉर्डिंग डीवीआर में सुरक्षित रखनी होगी।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर होंगी। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन), नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक परिषद की वेबसाइट पर 10 जनवरी से अपलोड किए जाएंगे।
वहीं इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा पांच से 12 जनवरी, कक्षा-9 एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं तथा हाईस्कूल व इंटर की प्री-बोर्ड परीक्षा 13 से 22 जनवरी के मध्य होंगी। डीआईओएस ओपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा से लेकर प्री-बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी हो गया है। बोर्ड के निर्देशानुसार नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।