बाराबंकी। ग्रामीण क्षेत्र में बिजली कटौती लगातार जारी है। बुधवार रात फतेहपुर क्षेत्र के करीब 40 गांवों में बिजली रातभर गुल रही। लोग घरों से बाहर निकल आए और रात जागकर गुजारी। वहीं सतरिख क्षेत्र में एचटी लाइन का तार खंभे पर बंधे जाल पर गिर गया। इससे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और लोगों के घरों के बिजली उपकरण फुंक गए।
फतेहपुर क्षेत्र में बुधवार रात ग्राम असोहना, दुनौली, ईशेपुर, मझगवां, थम्मनपुरवा, उधापुर, गोंसाइनपुरवा, सोहीपुर, बाकरपुर, बजगहनी, जानीनगर, धरौली, बबुरिहा, भदरास,देवखरिया, लालापुर, गुरसेल समेत करीब 40 गांवों में सात घंटे बिजली गुल रही। इसके अलावा दिन में दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही।
इससे करीब 50 हजार आबादी को रात बिन बिजली गुजारनी पड़ी। वहीं सतरिख क्षेत्र के ग्राम नींदनपुर गांव के करीब 15 घरों के बिजली उपकरण फुंक गए। गांव के अंदर से गुजरी एचटी लाइन का तार खंभे से बंधे जाल पर गिर गया।
इससे ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली और लोगों के घरों के केबल और मीटर बोर्ड आदि जल गए। साथ ही घरों में लगी एलसीडी, फ्रिज, पंखा आदि उपकरण फुंक गए। सूचना पर पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों ने तार बदलकर बिजली आपूर्ति शुरू की।
उधर हैदरगढ़ सबस्टेशन के त्रिवेदीगंज फीडर से जुड़े करीब 30 गांवों में चौबीस घंटे में मात्र चार-पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे 50 हजार से अधिक आबादी को परेशानी हो रही है। मंझार में बृहस्पतिवार की सुबह मंझार फीडर का एक फेस खराब हो गया।
इससे करीब 25 गांव की करीब दस हजार आबादी को शाम तक बिजली नहीं मिली। अधिशासी अभियंता सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि टाउन को पूरी बिजली मिल रही है। फाल्ट तुरंत दुरुस्त कराया जा रहा है और अधिक से अधिक बिजली देने का प्रयास किया जा रहा है।