बाराबंकी। शहर से लेकर गांव तक लोग बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। शहर के करीब 15 मोहल्लों के बाशिंदे लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। वहीं हैदरगढ़ क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों में आठ घंटे बिजली गुल रही। उधर, टाउन हैदरगढ़ में हुई हल्की बारिश के चलते शाम चार बजे मुख्य लाइन फाल्ट में आ गई जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
बिजली की अघोषित कटौती से शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक लोग उबर नहीं पा रहे हैं। बिजली आने व जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। साथ ही लो-वोल्टेज के कारण उपकरणों का उपयोग नहीं हो पा रहा है। शहर में मंगलवार को चार घंटे बिजली कटौती हुई जिससे नेहरू नगर, कंपनीबाग, कटरा, सरावगी, लखपेड़ाबाग, आवास विकास मोहल्ले के लोग परेशान रहे।
वहीं मोहारीपुरवा, डिवाइन सिटी, अशद नगर, पटेल नगर, कृष्णा नगर, श्रीराम कॉलोनी, बाल विहार कॉलोनी समेत करीब 15 मोहल्लों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रही। इससे करीब 40 हजार आबादी प्रभावित रही। हैदरगढ़ में सुबेहा क्षेत्र के इस्माइलपुर, खानपुर, शहापुर, पलिया, अहिरगांव, बेहटा, ताला रुकुनुद्दीनपुर, मरुई, राजापुर, समनामऊ, रक्सहा, पूरे कुंवारन समेत सौ से अधिक गांवों में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही।
हैदरगढ़ टाउन में बारिश के चलते शाम चार बजे मुख्य लाइन में फाल्ट आ गई। इसके चलते देर शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे टाउन की करीब 20 हजार आबादी प्रभावित है। अधिशासी अभियंता सत्येंद्र पांडेय का कहना है कि बिजली आपूर्ति में सुधार हुआ है। कई जगह दिन में लोकल फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हो गई थी। सूचना पर तत्काल लाइन दुरुस्त कराई जा रही है।