बाराबंकी। आंधी-बारिश के चलते सोमवार को चरमराई बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुधवार को तीसरे दिन भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी। शहर में जहां दिनभर लाइन ट्रिप करती रही वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ने पूरी रात छकाया। तेज हवा के चलते ग्रामीण अंचलों में कई स्थानों पर उखड़े बिजली के खंभे व तार दुरुस्त नहीं किए जा सके। करीब 163 गांव में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं।
बीते सोमवार को आई आंधी के कारण ग्रामीण इलाकों में बिजली का संकट अब तक बना हुआ है। आंधी-बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए खंभे व बिजली तार दुरुस्त नहीं हो सके हैं। इससे बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। शहर में बिजली की आवाजाही लगी रही।
रामसनेहीघाट डिवीजन के कई गांवों में बीते दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। खंभा व तार क्षतिग्रस्त होने से सोनावां, भिटई का पुरवा, अमहिया, कोटवा, शाहपुर, सूखीपुर, थेमा, अहिरनपुरवा, पूरे शुकुल समेत 88 गांव में बुधवार शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे करीब एक लाख आबादी प्रभावित है।
हैदरगढ़ क्षेत्र में तीन दिन पहले आंधी-बारिश से ध्वस्त हुई बिजली आपूर्ति व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी है। यहां पर करीब 150 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। टाउन के खरसिया सब स्टेशन के लिए आई हाई पॉवर लाइन पोखरा रायपुर के पास कई खंभे टूटने से बाधित है।
हैदरगढ़ ग्रामीण सब स्टेशन रानापुर से जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई लेकिन अधिक वोल्टेज से कई घरों में विद्युत उपकरण जल गए। बुधवार शाम तक लाइन दुरुस्त नहीं हो सकी थी। ग्रामीण क्षेत्र में 60 से अधिक खंभे टूटे होने से बबुआपुर, बीजापुर, रानीपुर, संतोषपुर, भिटौरा, इस्माइलपुर, सहापुर, सांडवा सहित करीब 40 गांवों में तीसरे दिन आपूर्ति बाधित है। इससे 50 हजार से अधिक लोगों को परेशानी हो रही है।
रामनगर क्षेत्र के करीब 10 गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे 15 हजार की आबादी प्रभावित है। अशोकपुर, चाचू सराय, चंदनापुर, निजामपुर आदि गांव के लोगों को मात्र 10 घंटे की ही बिजली मिल सकी। फतेहपुर क्षेत्र में चंदौली, कोडरी गोपालपुर, रमपुरवा, कीरतपुर, भगौली, दलजीतपुर, असोहना समेत करीब 25 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है।
इससे करीब 30 हजार आबादी प्रभावित है। अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर का कहना है कि कर्मचारी कार्य में निरंतर लगे हैं, सभी अधिशासी अभियंता को जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्पीड़न के विरोध में आंदोलन की दी चेतावनी
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने नरेंद्र कुमार वर्मा ने पावर कॉर्पोरेशन को चेतावनी देते हुए अवैध वसूली को जल्द से जल्द बंद करने की सलाह दी। कहा कि कॉर्पोरेशन इसी तरह उपभोक्ताओं का उत्पीड़न करता रहेगा तो जल्द ही अधिवक्ता सड़कों पर उतरकर पावर कॉर्पोरेशन को मुंहतोड़ जवाब देंगे और धरना प्रदर्शन करेंगे।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि उपभोक्ताओं के खिलाफ फर्जी प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है और शमन शुल्क और जुर्माने के नाम पर वसूली की जा रही है। पावर कॉर्पोरेशन नाइंसाफी करेगा तो उसके खिलाफ लड़ाई लड़ी जायेगी और उपभोक्ताओं को इंसाफ दिलाया जायेगा।
बिजली आपूर्ति रही ठप, जेनरेटर भी पड़ा है खराब
जैदपुर। बीते एक साल से खराब हुए जेनरेटर को आज तक सही नहीं कराया गया। जिससे ब्लॉक में बिजली नहीं रहने पर सारे काम ठप हो जाते हैं। बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पूरा दिन ब्लॉक में कंप्यूटर से संबंधित कोई काम नहीं हो पाया। कई लोग वापस लौट गए।
बीते साल सितंबर माह में जेनरेटर के लिए क्षेत्र पंचायत से टेंडर भी कराया गया था। उसके बाद भी जेनरेटर नहीं खरीदा गया है। बीडीओ संस्कृता मिश्रा ने बताया कि जेनरेटर के लिए प्रक्रिया चल रही है। बहुत जल्द जेनरेटर खरीदा जाएगा। संवाद