हैदरगढ़ (बाराबंकी)। कस्बे की बिजली शनिवार को दिन में आठ घंटे बाधित रही। इससे स्थानीय लोगों काफी परेशान दिखे। टाउन सब स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से चार खंभे और तार टूट गए हैं। इससे करीब 25 हजार आबादी प्रभावित हुई है।
खरसतिया पावर सब स्टेशन से कस्बा हैदरगढ़ को बिजली की आपूर्ति की जाती है। खरसतिया पावर सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति करने के लिए मौजूद 33 केवीए लाइन पर शुक्रवार की रात खरसतिया के पास पेड़ गिरने से चार खंभे व तार टूट गए। रात में कई घंटे बिजली बाधित रहने पर विभागीय कर्मियों ने हैदगरढ़ ग्रामीण सबस्टेशन से जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। लेकिन शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से 12 बजे तक तथा दोपहर एक बजे से शाम साढ़े छह बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
कस्बा हैदरगढ़ की करीब 25 हजार आबादी को परेशानी हुई है। लोगों के घरों व व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। इस संबंध में पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि पेड़ गिरने से कई खंभे टूट गए हैं और लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। लाइन को ठीक कर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है। संवाद