बाराबंकी। बारिश से शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों की बिजली आपूर्ति ठप रही। शहर में कहीं दो घंटे तो कहीं एक घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लखपेड़ाबाग, बड़ेल, मोहारीपुरवा, शिवाजी नगर, जसवंतनगर, कटरा, बारादरी, लक्ष्मणपुरी कॉलोनी, दशहराबाग, कंपनीबाग, सिविल लाइन मोहल्ले प्रभावित रहे। तीरगांव फीडर में फाल्ट से बिजली आपूर्ति चार घंटे बंद रही। बंकी में बिजली के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए जिससे करीब 40 हजार आबादी प्रभावित रही।
फतेहपुर प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में ग्राम इसरौली, बसारा, हसनपुर टांडा, मदनपुर, बेलहरा व कस्बा की बिजली आपूर्ति पांच घंटे ठप रही जिससे होने से करीब एक लाख की आबादी प्रभावित रही। रामसनेहीघाट में बारिश के कारण आए फाल्ट से इचौली, कोटवासड़क, दुलहदेपुर, टाउन, रानीमऊ, जैदपुर फीडर बंद रहे। शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे करीब 50 हजार आबादी प्रभावित रही। हैदरगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के टाउन में 33 केवीए में फाल्ट से सुबह करीब साढ़े आठ बजे से आपूर्ति ठप है।
लगातार बारिश के कारण दोपहर बाद 2 बजे तक लाइन में फाल्ट नहीं मिल सका। मंझारा, त्रिवेदीगंज, परीवां व रामनगर फीडर तथा सुबेहा सब स्टेशन के पलिया फीडर से जुड़े करीब डेढ़ सौ गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे करीब 70 हजार लोगों को परेशानी हो रही है। देवीगंज, असंद्रा, कोठी, सिद्धौर के करीब 20 गांवों में बारिश से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे करीब 15 हजार आबादी प्रभावित है।
पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता संजीव राणा ने बताया कि बारिश के चलते बिजली आपूर्ति में बाधा आ गई है। कई टीमें कार्य कर रही हैं। ज्यादातर स्थानों पर फाल्ट दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है। बिजली खंभा के क्षतिग्रस्त होने के आंकड़े मंगाए गए हैं। सभी अधिशासी अभियंता को फाल्ट को दुरुस्त कराने व सतत मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।