बाराबंकी। भीषण गर्मी में बिजली कटौती लोगों पर भारी पड़ रही है। सोमवार रात शहर के 12 मोहल्लों की बिजली गुल होने से हजारों लोग सात घंटे गर्मी से परेशान रहे।
शहर के ओबरी व पल्हरी उपकेंद्र से जुड़े 12 मोहल्लों की बिजली सोमवार रात साढ़े दस बजे बाधित हो गई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों की शिकायत पर उपकेंद्र कर्मियों ने खराबी को दूर कर रात करीब एक बजे आपूर्ति शुरू कराई। मोहारीपुरवा, लक्ष्मणपुरी, श्रीराम कॉलोनी व वेदपुरम में लो वोल्टेज से लोग परेशान रहे। इन मोहल्लों की बिजली मंगलवार को सवा 11 बजे से एक घंटे गुल रही। इसके बाद भी शाम तक बिजली की आवाजाही लगी रही। अधिशाषी अभियंता का कहना है कि लोड को नियंत्रित करने के लिए उसे ट्रांसफर किया जाता है। फाल्ट को दुरुस्त करने के लिए शटडाउन लिया जाता है।
उधर बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों ने अधिशाषी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा। बताया कि शहर के रसूलपुर, कानून गोयान, गांधी नगर, दशहरा बाग, शांति विहार व लखपेड़ाबाग में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। ज्ञापन देने वालों में मुकेश चौधरी, अभिषेक शरण, राधेश्याम जायसवाल, शिवम निगम, राजाबाबू आदि मौजूद रहे। इसके अलावा भाकियू के पदाधिकारियों ने घोसियाना में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर फाल्ट दुरुस्त करने व ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की की मांग की।
56 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे
बकाया वसूली अभियान के दौरान मंगलवार को 56 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। गर्मी में कनेक्शन कटने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने नाका सतरिख, सुभाष नगर, दशहराबाग, मोहारीपुरवा व हजाराबाग में जांच के बाद 56 बकाएदारों के कनेक्शन काटे।