बाराबंकी। जिले में दो और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में हरख और सूरतगंज क्षेत्र में एक-एक पाजिटिव मिला है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिवार के 19 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। इसके साथ ही दोनों के गांव की सीमाओं को सील करते हुए आवागमन पर पूरी तरह से रोक दिया गया। दूसरी तरफ अस्पताल में भर्ती पांच संक्रमितों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जिले में कोरोना का संक्रमण थम नहीं रहा है। बुधवार को दिन में पीएसी के 16 जवान समेत 28 कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे तो देर रात आई जांच रिपोर्ट में दो और लोग संक्रमित मिले। इनमें युवक हरख ब्लॉक के बरौली मलिक गांव का रहने वाला है। यह युवक 27 जून को हैदराबाद से वापस आया था। उसे होम क्वारंटीन कराते हुए सैंपल जां के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव आने के बाद युवक को उपचार के लिए चन्द्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के सात लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है। दूसरा संक्रमित युवक सूरतगंज क्षेत्र के सुढ़ियामऊ का रहने वाला है। यह युवक 28 जून को मुंबई से लौटने के बाद होम क्वारंटीन था। जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद युवक को उपचार के लिए चन्द्रा अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। परिवार के 12 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। इसके साथ ही दोनों गांवों की सीमाओं को सील करते हुए आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंधि कर दिया गया।
सड़क हादसे में घायल कोरोना संक्रमित की मौत
बाराबंकी। त्रिवेदीगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम गनहरी का रहने वाला उमाशंकर 26 जून को पान लेकर वाराणसी गया था। लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गया था। परिवारीजनों ने गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ में भर्ती कराया। ट्रॉमा सेंटर में जांच के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। उसका ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा था। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। परिवारीनों ने उसका लखनऊ में ही उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया। त्रिवेदीगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ. महमूद खान ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिले युवक की मौत के बाद परिवार के लोगों ने उसके शव का लखनऊ में ही अंतिम संस्कार कर दिया है।