बाराबंकी। जिले में एक महिला समेत चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों को उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार के करीब 30 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। इस तरह से जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। उधर जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ शुक्रवार को देवा पहुंच हॉटस्पॉट वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिले के देवा क्षेत्र के एक गांव में महिला, बंकी क्षेत्र में दो युवक और दरियाबाद में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। प्रशासन के मुताबिक महिला के परिवार का एक युवक पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाया गया था। कुछ दिन पूर्व गुजरात से लौटे युवक का हिंद अस्पताल में इलाज चल रहा है। जांच रिपोर्ट में महिला के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे भी हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ परिवार के 14 लोगों को होम क्वारंटीन कराते हुए गांव की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है।
उधर देवा क्षेत्र के एक गांव का युवक भी कोरोना पाजिटिव पाया गया है। जानकारी पर पहुंची टीम ने युवक को उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक के परिवार के 11 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है। युवक के गांव की सीमाओं को सील करते हुए आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन ने प्रोटोकॉल के तहत दोनों गांव में अपनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने एसपी के साथ देवा क्षेत्र के हॉटस्पॉट घोषित मोहल्ले का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिली महिला समेत दोनों को उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस तरह से जिले में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।