बाराबंकी। सड़क पार करते समय एक वृद्ध को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान लखनऊ के निजी अस्पताल में बुजुर्ग की मौत हो गई। कुर्सी क्षेत्र के ग्राम अनवारी निवासी राजाराम (62) गुरुवार शाम बाग की रखवाली करने जा रहे थे। गांव के बाहर आउटर रिंग रोड पार करते समय तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में राजाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। जानकारी पर पहुंचे परिवारीजनों ने घायल को लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर देर रात इलाज के दौरान राजाराम की मौत हो गई। कुर्सी प्रभारी शशिकांत यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।