बाराबंकी। जिला निर्वाचन मजिस्ट्रेट डॉ. आदर्श सिंह ने लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। आगामी एक दिसंबर को जिले के 13 मतदान केंद्रों पर इन दोनों पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक और लखनऊ खंड शिक्षक चुनाव के लिए जिले के 13 मतदान केंद्रों पर एक दिसंबर को मतदान होगा। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए हर मतदान केंद्र पर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इनमें फतेहपुर के नेशनल इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर कुल छह बूथ बनाए गए हैं।
यहां की जिम्मेदारी जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीएफ फतेहपुर पंकज सिंह तो सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी तहसीलदार राहुल सिंह को मिली है। इसी तरह मतदान केंद्र क्षेत्र पंचायत कार्यालय सूरतगंज में तीन तो यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में चार बूथ बनाए गए हैं। यहां की जिम्मेदारी जोनल के रूप में एसडीएम रामनगर राजीव शुक्ला तो सेक्टर के रूप में बीडीओ सूरतगंज विजय यादव व तहसीलदार रामदेव निषाद को तैनात किया गया है।
इसी तरह नवाबगंज तहसील क्षेत्र में क्षेत्र पंचायत कार्यालय देवा में तीन, मसौली में दो तो बाराबंकी जीजीआईसी में सात, जीआईसी में छह तो नगर पालिका हाल में एक तथा सफदरगंज के फतेहचंद इंटर कॉलेज में तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की जिम्मेदारी जोनल के रूप में एसडीएम नवाबगंज अभय पांडेय को बनाया गया है।
इसी तरह क्षेत्र पंचायत कार्यालय दरियाबाद और रामसनेहीघाट तहसील कार्यालय में तीन-तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जोनल मजिस्ट्रेट के तौर पर एसडीएम रामसनेहीघाट दिव्यांशु पटेल को बनाया गया है। वहीं क्षेत्र पंचायत कार्यालय सिद्धौर और तहसील कार्यालय हैदरगढ़ को भी मतदान केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। इन केंद्रों पर भी एसडीएम हैदरगढ़ जितेंद्र कटियार को मतदान कराने की जिम्मेदारी मिली है।