फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: कड़े पहरे में हुई पुलिस भर्ती परीक्षा

Tue, 09 Jun 2026 12:14 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के पहले दिन सोमवार को जिले के आठ केंद्रों पर कड़े सुरक्षा घेरे के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। तीन दिवसीय इस परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में 2,825 अभ्यर्थियों में से 73 प्रतिशत ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विज्ञापन

अभ्यर्थियों को सघन तलाशी और अत्याधुनिक आई स्कैनिंग की प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही केंद्र के भीतर पैर रखने की इजाजत मिली। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और शुचितापूर्ण बनाए रखने के लिए आला अफसर खुद मैदान में डटे रहे। एडीजी जोन लखनऊ प्रवीण कुमार ने जमील-उर-रहमान किदवई गर्ल्स इंटर कॉलेज, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज और मुख्य कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी और एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। अफसरों ने ऑन-ड्यूटी स्टाफ को सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की ढील न बरतने के कड़े निर्देश दिए।
विज्ञापन


एक नजर में पुलिस भर्ती परीक्षा
आठ परीक्षा केंद्र
जिले में अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, जमील-उर-रहमान किदवई इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सतरिख, राजकीय इंटर कॉलेज बरौली जाटा और राजकीय पॉलीटेक्निक को मिलाकर आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
आवंटित अभ्यर्थी- 2,825 (पहले दिन)
कुल उपस्थिति- लगभग 73 प्रतिशत
परीक्षा का समय- सुबह 10 से 12 बजे (प्रथम पाली) एवं अपराह्न 3 से 5 बजे (द्वितीय पाली)
स्टाफ पर पाबंदी- कक्ष निरीक्षकों और सफाई कर्मचारियों के विशेष आईडी कार्ड बनाए गए थे। कक्ष निरीक्षकों को सुबह प्रवेश के बाद दूसरी पाली खत्म होने पर ही बाहर आने दिया गया। उन्हें अपने साथ खाना और नाश्ता ले जाने तक की अनुमति नहीं थी।

अपनों के लिए अग्निपरीक्षा
एक तरफ जहां अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष के भीतर भाग्य आजमा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ उनके साथ आए अभिभावकों के लिए यह दिन किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं था। जून की भीषण गर्मी और चुभती धूप के बीच अभिभावक पूरे दिन छांव की तलाश में भटकते दिखे। राहत की बात यह रही कि राजकीय इंटर कॉलेज का ऑडिटोरियम प्लेटफॉर्म से ही साफ नजर आ रहा था, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों और उनके परिजनों ने सुस्ता कर वक्त काटा। गर्मी से बेहाल लोग बार-बार पानी और कोल्ड ड्रिंक से गला तर करते नजर आए।

किराए में मिली आधी राहत, निजी वाहनों ने वसूला चार गुना दाम
योगी सरकार की ओर से परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाई गईं, साथ ही उनका किराया भी आधा किया है। इसका सीधा लाभ परीक्षार्थियों को मिला। रविवार से ही रेलवे और बस स्टेशनों पर अभ्यर्थियों का रेला उमड़ पड़ा था।
हालांकि, इस सरकारी राहत पर शहर के भीतर चलने वाले निजी वाहन चालकों ने पानी फेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शहर से दूर बने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने मनमाना किराया वसूला। परीक्षा देने आए अभ्यर्थी साहिल, मनोज और राकेश ने बताया कि उन्हें पटेल तिराहे से राजकीय इंटर कॉलेज बरौली जाना था, जिसके लिए ऑटो वाले ने दोनों तरफ से आने-जाने का कुल1,000 वसूल लिया। मजबूरी में अभ्यर्थियों को भारी-भरकम रकम चुकानी पड़ी।

अभ्यर्थियों की भारी भीड़ से रेंगा शहर, लगा भीषण जाम
शहर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते सोमवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर और शहर के मुख्य चौराहों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इसके चलते देवा रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग और छाया चौराहे पर वाहनों के पहिये थम गए और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
बस स्टेशन से रेलवे स्टेशन जाने वाला निर्माणाधीन मार्ग ने जाम की स्थित को और गंभीर बना दिया जिसका असर पटेल तिराहे से देवा रोड तक देखने को मिला। स्थानीय शहर की गलियों से होकर किसी तरह निकल कर अपने गंतव्य तक पहुंचे। घंटों तक राहगीर और परीक्षार्थी भीषण गर्मी में परेशान रहे।
हालांकि, जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक कर्मी मुस्तैद दिखे, लेकिन वाहनों के अत्यधिक दबाव के आगे सारे इंतजाम नाकाफी साबित हुए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रूट डायवर्जन कर धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें