बाराबंकी। जिले में तस्करी की शराब का धंधा थम नहीं रहा है। दो हफ्ते में दूसरी बार रविवार को एक ट्रक में हरियाणा से लाई गई 2880 बोतल शराब और 10 लीटर केमिकल बरामद हुआ है। बरामद शराब की कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। शराब लाने वाले व्यक्ति व ट्रक चालक को पुलिस पकड़ नहीं सकी।
एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह गश्त के दौरान पुलिस टीम ने देवा रोड पर भेड़हा नाला पुलिया के पास खड़े एक ट्रक की जांच की। ट्रक की चेसिस के नीचे के हिस्से में शराब की पेटियां भरीं थीं। ट्रक से 2880 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। 10 लीटर केमिकल भी मिला है। बरामद शराब की बोतलों पर हरियाणा में बिक्री की बात लिखी मिली। बरामद केमिकल को शराब में मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। एएसपी के मुताबिक ट्रक की तलाशी के दौरान मिले कागजात से पता लगा कि बरामद शराब जितेन्द्र अत्री उर्फ लीला निवासी रोहिणी दिल्ली द्वारा यहां भेजी गई है। ट्रक मालिक नवीन पुत्र जिले सिंह निवासी इस्माइला जनपद रोहतक हरियाणा है। पुलिस ने दोनों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की। एएसपी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब दस लाख रुपये बताई जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश के साथ अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
एक पखवारा पहले ही बरामद हुई थी तस्करी की एक ट्रक शराब
शहर में बड़ेल इलाके के राधेनगर स्थित एक गोदाम से पुलिस ने 15 दिन पहले ही तस्करी कर लाई गई हरियाणा व अरुणाचल प्रदेश की अवैध शराब पकड़ी थी। 35 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब के कारोबार रूपेश जायसवाल निवासी कानून गोयान मोहल्ला व गुड़्डू उर्फ विश्वनाथ प्रताप सिंह, सजीवन, सुशील गुप्ता, नीरज कुमार व धीरज को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी मनोज जायसवाल व सूरज जायसवाल की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्रवाई करने के पुलिस अधिकारियों के दावों के बीच रविवार को बाद फिर तस्करी की शराब बरामद की गई।