बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर ट्रैक पर रविवार शाम इंजन फेल होने से मालगाड़ी करीब एक घंटे खड़ी रही। इसके चलते डाउन ट्रैक पर रेल यातायात ठप रहा। शाम 7:25 बजे डाउन ट्रैक पर मालगाड़ी आने की सूचना पर दहिला क्रासिंग का गेट बंद किया गया था।
इस दौरान पहुंची ट्रेन का इंजन खराब होने से वह क्रासिंग के पास खड़ी हो गई। उसी ट्रैक पर आ रही दूसरी मालगाड़ी को छंदरौली स्टेशन पर करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा। दहिला-पोखरा मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को काफी देर इंतजार करना पड़ा। गेटमैन सुरेश कुमार ने बताया कि डाउन ट्रैक पर मालगाड़ी का इंजन फेल होने से गाड़ी रूकी थी। हालांकि इसके चलते अन्य किसी यात्री ट्रेन के आवागमन पर असर नहीं पड़ा है।