फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस ने मुख्तार के पांच गुर्गों से छह घंटे पूछताछ की

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। माफिया डॉन मुख्तार अंसारी प्रकरण को लेकर मऊ और पंजाब गई पुलिस एंबुलेंस से जुड़े तार खंगालने में लगी है। वहीं पुलिस ने माफिया के पांच गुर्गों को हिरासत में लेकर उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद पांचों को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन

चेतावनी दी गई है कि जब उन्हें कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया जाए तो सभी को हाजिर होना पड़ेगा। इसके साथ ही मऊ जिले में गई पुलिस टीम ने मामले में आरोपी डॉ. अलका राय समेत अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। एसपी का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब की रोपड़ जेल में माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की एंबुलेंस का फर्जी तरीके से बाराबंकी में रजिस्ट्रेशन होने की बात सामने आने पर शहर में मऊ की डॉ. अलका राय के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस की तीन टीमें भी बनाई गई हैं। एक टीम जहां मऊ गई है तो वहीं दूसरी टीम पंजाब गई है। इसके साथ ही एक टीम शहर में सक्रिय होकर मुख्तार के करीबियों पर शिकंजा कस रही है।
विज्ञापन

रविवार को शहर कोतवाली पुलिस ने मुख्तार के गुर्गे के नाम से मशहूर लखनऊ मार्ग निवासी शोएब किदवई बॉबी, फिरू उर्फ फिरोज समेत पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर एंबुलेंस रजिस्ट्रेशन में किए गए फर्जीवाड़ा आदि के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है, यदि उनकी भूमिका इस मामले में सामने आती है तो वे भी इस मामले में आरोपी बन सकते हैं। उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई अभी सिर्फ पूछताछ तक ही सीमित है। शोएब किदवई उर्फ बाबी करीब बीस साल पहले हुए जेलर हत्याकांड व डॉ. डीबी सिंह हत्याकांड में भी आरोपी रह चुका है। इसकी टीम पर ही इन घटनाओं के अलावा कई अन्य घटनाओं में आरोप लगे थे।
देर शाम शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि मुख्तार द्वारा प्रयोग की गई एंबुलेंस प्रकरण में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया था। सीओ सिटी सीमा यादव की मौजूदगी में शुऐब अहमद उर्फ बॉबी समेत पांच लोगों से करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया है लेकिन चेतावनी दी गई है कि जब उन्हें कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा तो पांचों को हाजिर होना पड़ेगा।
मुख्तार अंसारी के गुर्गे के नाम से मशहूर शोएब किदवई उर्फ बाबी का नाम भले ही इस समय सुर्खियों में हो लेकिन इसका नाता मुख्तार से बहुत पुराना बताया जाता है। सूत्र बताते हैं कि शोएब बाबी की टीम के ही लोगों ने मुख्तार की एंबुलेंस का बाराबंकी में पंजीकरण कराने में अहम भूमिका निभाई है। शोएब कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और इसके खिलाफ कई संगीन मामले भी पहले से दर्ज हैं।
यही नहीं, अपराध की दुनिया में बदनाम होने के बाद पुलिस से बचने के लिए इसने वकालत का भी चोला ओढ़ रखा है। करीब एक दशक पहले हुए विधानसभा चुनाव के दौरान शोएब के वाहनों से पुलिस ने असलहे भी जब्त किए थे। वहीं शोएब किदवई के पास जितने भी वाहन हैं, सबके नंबर मुख्तार अंसारी की सीरीज 0786 के ही हैं।
हालांकि जो चार अन्य लोग पुलिस हिरासत में लिए गए, वे शोएब के ही साथी बताए जा रहे हैं। ये शोएब किदवई उर्फ बाबी के इशारे पर बाराबंकी में मुख्तार का गैंग चलाने में मदद कर रहे थे। अब पुलिस के रडार पर कई ऐसे लोग हैं जो सफेदपोश बनकर घूम रहे हैं लेकिन उनका नाता मुख्तार गैंग से है। जल्द ही ये भी पुलिस की पकड़ में पहुंच सकते हैं।
शहर कोतवाली पुलिस काले रंग की कार से मऊ गई हुई है। टीम के प्रभारी कोतवाली शहर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को मऊ पुलिस के साथ डॉ. अलका राय व उनके अन्य सहयोगियों से इस मामले में पूछताछ की है। हालांकि अभी तक पुलिस ने किसी को हिरासत में नहीं लिया है। विभिन्न पहलुओं की जांच के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं डॉ. अलका राय ने खुद को निर्दोष भी बताया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि एंबुलेंस मामले में मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब किदवई उर्फ बाबी समेत पांच लोगों से पूछताछ की गई है। मऊ में भी डॉ. अलका से पूछताछ की गई है। पुलिस टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही दोषी सलाखों के पीछे होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें