बाराबंकी। पुलिस की सेवा में रहकर सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को गणतंत्र दिवस का खासा इंतजार रहता है। क्योंकि उनके किए गए कार्यों की समय-समय में दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर उनके पुरस्कार का चयन होता है। बीते कई वर्षों से जिले के पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक ही नहीं राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया है।
इसी कड़ी में बुधवार को गणतंत्र दिवस पर सराहनीय कार्य करने पर सब इंस्पेक्टर असलमुद्दीन को राष्ट्रपति का पुलिस पदक, सीओ हैदरगढ़ डॉ. बीनू सिंह को पुलिस महानिदेशक की ओर से सिल्वर मेडल व क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह को पुलिस महानिदेशक द्वारा सराहनीय सेवा का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसकी जानकारी गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर मिलने के बाद बधाई देने वालों के फोन आने लगे। इन पुलिस अधिकारियों को बुधवार को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए यूपी 112 मुख्यालय द्वारा जिले के डायल 112 के 16 पुलिस कर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशस्त्रि पत्र दिया गया है।
जिसे परेड के बाद पुलिस कर्मियों को एसपी अनुराग वत्स देकर सम्मानित करेंगे। एसपी ने बताया कि सब इंस्पेक्टर को भारत सरकार का पदक तो सीओ हैदरगढ़ को डीजीपी की ओर से सिल्वर मेडल व क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर को भी सराहनीय सेवाओं का सम्मान गणतंत्र दिवस पर मिलेगा। यह गर्व की बात है।