सिद्धौर (बाराबंकी)। वित्तीय वर्ष 2021-22 में लगभग 1300 लाभार्थियों को चयनित कर उन्हें प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास दिए गए थे। इसमें लगभग 200 आवास अभी तक अधूरे पड़े हैं। लाभार्थियों को नोटिस भेजकर जल्द ही आवास का निर्माण पूरा न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं नोटिस मिलने के बाद एक लाभार्थी ने प्रधान पर 20 हजार रुपये की किस्त लेने का आरोप भी लगाया है।
योजना के तहत करीब 200 लाभार्थी ऐसे में जिन्हें आवास बनाने का पैसा दिए जाने के बाद भी उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास का निर्माण पूरा नहीं कराया है और वह अधूरे पड़े हैं। लगातार चेतावनी देने के बाद भी लाभार्थियों ने अभी तक छत नहीं ढलवाई है। इसको लेकर ब्लॉक प्रशासन ने ऐसे लाभार्थियों को नोटिस भेजकर निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा है, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत खानापुर निवासी श्री देवी पत्नी अखिलेश को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया गया था जिन्होंने 40 हजार और 70 हजार की पहली और दूसरी किस्त निकाल लिया था। इसके बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं है। 25 फरवरी को ब्लॉक प्रशासन ने नोटिस भेजकर निर्माण कार्य पूरा करने की चेतावनी दी है।
वहीं लाभार्थी श्रीदेवी ने का आरोप है कि प्रधान पति शाकिर ने उससे 20 हजार रुपये ले लिए हैं। बीडीओ यशोवर्धन सिंह का कहना है कि राशि देने के बाद भी जिन लाभार्थियों ने आवास का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया है उन्हें नोटिस भेजकर चेतावनी दी गई है। निर्माण कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।