बाराबंकी। जिला अस्पताल में हावी अव्यवस्थाएं दूर नहीं हो पा रही हैं। जिससे मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को भी कई मरीज बिना जांच और इलाज के वापस लौटने को मजबूर हुए।
जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों पर्चा बनवाना भी आसान नहीं रहा है। यहां अप्रशिक्षित कर्मचारियों को बैठा देने से मरीजों को पर्चा बनवाने में ही काफी समय लग जाता है।
मरीज रामपाल, गौरव और दिव्यांशु ने बताया कि पर्चा बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और फिर दवा लेने में ही दोपहर के करीब डेढ़ बज गए। जब वे जांच कराने पैथोलॉजी पहुंचे तो उन्हें यह कहकर वापस कर दिया गया कि अब समय निकल गया है और वे अगले दिन आएं। मरीजों का कहना है कि यह समस्या रोजाना की है, जिससे उन्हें दो-चार होना पड़ता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार का प्रयास जारी है।