ग्राम रैकवारपुरवा में पिछले पंद्रह दिनों से चेचक का प्रकोप फैला हुआ है। गांव के करीब 18 बच्चे बीमार चल रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत सीएचसी फतेहपुर में की। लेकिन अभी तक कोई डॉक्टर गांव नहीं पहुंचा। पीड़ित बच्चों का स्थानीय छोला छाप डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा है।
फतेहपुर कोतवाली के ग्राम रैकवारपुरवा में पिछले पंद्रह दिनों से चेचक का प्रकोप है। गांव में दीपक (9), अमन कुमार (15), पूजा (15), पिंकी (16), रिंकी (14), आकाश (17), मनीष (7), शिवा (17), शुभम (13), अरुण (13), चांदनी (8), अंकुल (8), विनीत (4), सुनीता (5) व मानक (2) चेचक की चपेट में हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई लोगों की चेचक की बीमारी ठीक हो गई। कई लोग उपचार के लिए डॉक्टर के यहां गए हैं। ग्रामीण रामलखन व रमेश कुमार आदि ने बताया कि एक सप्ताह पहले क्षेत्र की एएनएम अनामिका को गांव में चेचक फैलने की जानकारी दी गई थी। लेकिन कोई डॉक्टर गांव नहीं आया न हीं उपचार किया गया। जिससे मरीजों की संख्या बढ़ी है।
गांव में चेचक फैलने का मामला संज्ञान में आया है। जांच के लिए टीम को गांव भेजा गया है। सभी पीड़ितों को उपचारित किया जाएगा।
आरसी वर्मा, सीएचसी फतेहपुुर