फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

77 अवैध कब्जेदारों में एक गिरफ्तार, एक का ध्वस्त हुआ निर्माण अन्य को नोटिस

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। सरकारी जमीन कब्जा व बिना नक्शा पास कराए रियल स्टेट के कारोबारियों पर जिला प्रशासन का शिकंजा कस गया है। बीते 24 घंटे के भीतर प्रशासन ने 77 अवैध निर्माण चिह्नित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन

इसमें जहां 14 भूमाफिया के नाम सार्वजनिक किए गए हैं वहीं अन्य को नोटिस देकर कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा में अपना अतिक्रमण तोड़ लें अन्यथा प्रशासन प्रतिदिन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। पहले दिन असेनी में ध्वस्तीकरण हुआ तो तीन अवैध निर्माण करने वाले अतिक्रमणकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इनमें से एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। प्रशासन की इस सख्ती से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान में शुक्रवार को भूहेरा में अवैध निर्माण करने वाले संजय सिंगला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसी प्रकार जिला पंचायत ने बिना भू परिवर्तन व बगैर नक्शा पास कराए प्लॉटिंग करने वाले 46 लोगों को नोटिस जारी करते हुए स्वयं अपना कब्जा हटा लेने के निर्देश रियल स्टेट कारोबारियों व फर्मों को दिए थे। 15 दिन का समय दिया गया था मगर किसी ने अपना कब्जा नहीं हटाया। प्लॉटिंग स्थल पर बाउंड्री आदि का निर्माण किया गया था। इसे लेकर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संजय कुमार ने एसडीएम सदर को पत्र भेजा था।
विज्ञापन

एक जून को एसडीएम सदर ने नायब तहसीलदार आकाश संत, नायब तहसीलदार केपी सिंह व नायब तहसीलदार कुमकुम मिश्र की अगुवाई में तहसील व पुलिस की तीन टीमें गठित कर असेनी भेजीं। यहां रॉयल पैराडाइज के नाम से की गई प्लॉटिंग पर जहां भी निर्माण मिला जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। असेनी में ही दुर्गा प्रसाद, छोटेलाल, बाबूलाल की जमीन पर अनियमित रुप से की गई प्लाटिंग में किया गया निर्माण गिरा दिया गया। इससे पूर्व एसडीएम सदर ने बृहस्पतिवार की देर रात 14 भूमाफिया घोषित कर उनके नाम सार्वजनिक कर दिए थे।
सभी के खिलाफ संबंधित लेखपाल की तहरीर पर केस दर्ज कराने का आदेश दिया था। इसके अलावा शुक्रवार को 17 अवैध निर्माणकर्ताओं के नाम नोटिस जारी ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए हैं। इन सभी पर आरोप है कि विनियमित क्षेत्र की सीमा अंतर्गत अवैध रूप से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध रूप से प्लॉटिंग की है या फिर अवैध निर्माण कर रखा है। इनमें से कई बड़े नाम शहर के लोगों के शामिल हैं जिन्होंने अपने बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान खोल रखे हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भूहेरा के पास अवैध प्लॉटिंग का जाल फैलाने वाले भूमाफिया संजय सिंघला समेत अंतिम शुक्ला निवासी दरियाबाद और राधा कृष्ण वर्मा निवासी चिनहट, लखनऊ पर शुक्रवार को गैंगेस्टर की रिपोर्ट दर्ज की गई। इसमें संजय सिंघला को कोतवाली पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जबकि गैंगेस्टर के मामले में दो वांछित आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। नगर कोतवाली में इस भूमाफिया पर 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से भूमाफिया में हड़कंप मच गया है। लखनऊ के गोमती नगर के विजईपुर निवासी भूमाफिया संजय सिंघला को प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य की टीम ने शुक्रवार को सफेदाबाद के पास से गिरफ्तार किया है।
अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। अवैध कब्जेदारों को नोटिस पहले ही जारी कर दिया गया था। अवैध कब्जा न हटने की दशा में अब जेसीबी से अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए शासन से सख्त निर्देेश मिले हैं।
-सुमित यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम
46 अवैध प्लॉटिंग चिह्नित की गई हैं। संबंधित फर्मों व लोगों को नोटिस दिया गया था। इन पर बिना भू परिर्वतन व बिना नक्शा पास कराए जमीन का व्यवसाय करने का आरोप है। अब रोजाना टीम मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराएगी।
विज्ञापन

-संजय कुमार, एएमए, जिला पंचायत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें