बाराबंकी। नगर कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लाए जा रहे मुख्तार के गुर्गे।
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी। जिले में फर्जी तरीके से एंबुलेंस पंजीकरण कराने के मामले में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी गिरोह के एक इनामी बदमाश को पकड़ने में शहर कोतवाली पुलिस ने कामयाबी हासिल किया। वहीं मंगलवार रात लखनऊ में एसटीएफ द्वारा पकड़े गए एंबुलेंस चालक को भी जेल भेज दिया गया है।
बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी गैंग का खास गुर्गा व 25 हजार का इनामी बदमाश शोएब मुजाहिद निवासी मिर्जा जलालपुर कस्बा खास, थाना घोसी जिला मऊ को शहर कोतवाल पंकज सिंह, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, मार्कण्डेय सिंह, अरुण सरोज आदि की टीम ने बुधवार सुबह शहर इलाके के जैदपुर बाईपास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मुख्तार अंसारी की फर्जी तरीके से बाराबंकी एआरटीओ कार्यालय में एंबुलेंस पंजीकरण कराने का केस बीते दो अप्रैल को कोतवाली में दर्ज हुआ था।
यह आरोपी मुख्तार का काफी करीबी होने के साथ उसका काम देखता था। एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि मुख्तार के एम्बुलेंस चालक सलीम निवासी गाजीपुर को एसटीएफ व कोतवाली की टीम ने मंगलवार रात लखनऊ से गिरफ्तार किया था। एंबुलेंस मामले अब तक छह लोग पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको जेल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा डॉ. अल्का राय, राजनाथ यादव, आनंद यादव, शेषनाथ राय को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं।