बारिश से दीवार ढहने से एक वृद्धा की मौत हो गई। हादसे में पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। तहसील की टीम ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की बात कही है। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना सफदरगंज क्षेत्र के पल्हरी का पुरवा गांव मेें सोमवार देर रात बारिश के कारण एक घर की दीवार भर भराकर गिर गई।
दीवार पर रखे छप्पर के नीचे सो रही रसाना (65) पत्नी छेदा व पुत्र हाकिम (35) मलबे में दब गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह से दोनों को मलबे से बाहर निकाला। इस दौरान वृद्धा की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी पर तहसील प्रशासन की ओर से पहुंचे लेखपाल आनंद कुमार ने मौके का जायजा लेकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा दिलाने की बात कही। परिवारीजनोें ने वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम करवाए बिना ही अंतिम संस्कार करवा दिया है। एसओ जैनुद्दीन अंसारी का कहना है कि इस मामले में शिकायत नहीं की गई है।