सफदरगंज (बाराबंकी)। अयोध्या नेशनल हाईवे अहमदपुर टोल प्लाजा पर करीब 13 साल पुराने उपकरण बदले जा रहे हैं। नए उपकरण लगने से यहां से गुजरने वाले वाहनों का फास्ट टैग आसानी से स्कैन हो सकेगा, इससे टोल पर आने वाले वाहन सुगमता से आ जा सकेंगे।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा पर करीब 13 वर्ष पहले उपकरण लगाए गए थे। इसके बाद टोल वसूलने के लिए अलग-अलग कंपनियों को ठेका दिया जाता रहा है। अब तक पांच कंपनियों को बदला जा चुका है। वर्तमान समय में बाला जी कंस्ट्रक्शन कंपनी को अहमदपुर टोल प्लाजा पर टैक्स वसूली का कार्य सौंपा गया है। यह कंपनी वाॅन साॅफ्टवेयर का प्रयोग कर रही है, लेकिन प्लाजा पर लगे पुराने उपकरण इस सॉफ्टवेयर को सपोर्ट करने में समस्या उत्पन्न कर रहे थे। इसलिए समय पर एनएचएआई को टोल प्लाजा का डाटा प्राप्त नहीं हो पा रहा था। टोल प्लाजा मैनेजर जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्लाजा पर कुल 10 लेन हैं, प्रत्येक लेन में कैमरा, सेंसर, स्कैनर, हूटर, बिलिंकर वाॅयर आदि को बदला जा रहा है। एक लेन में कम से कम दो दिनों का समय लगता है।