बाराबंकी। दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें 80 नहीं केवल 40 प्रतिशत दिव्यांगता होने पर भी मदद के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलेगी। यह एलान बुधवार को केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने किया। वह जीआईसी सभागार में दिव्यांगाें को वितरित किए जाने वाले सहायक उपकरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे थे।
कहा कि पीएम मोदी दिव्यांग विद्यार्थियों को लेकर काफी संवेदनशील है। इसके चलते ही नियमों में बदलाव कर मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्राप्त करने के नियम में शिथिलता बरतने का फैसला लिया गया है। अब 40 फीसदी दिव्यांगता से ग्रस्त विद्यार्थियों को भी कॉलेज आने जाने के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल दी जाएगी। इसके लिए छात्र छात्राओं को दिव्यांगता प्रमाण पत्र के साथ संबंधित स्कूल-कॉलेज से जारी नियमित अध्ययन का प्रमाण पत्र भी देना होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के पिता पूर्व पीएण राजीव गांधी ने खुद स्वीकार किया था कि विकास के लिए जारी एक रुपया नीचे पहुंचते पहुंचते 10 पैसा रह जाता है। 2004 से 2014 तक कांग्रेस की सरकार में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने पर इससे निपटने की बड़ी चुनौती थी। इस पर लगाम कसने के लिए जनधन खाते खुलने लगे तो कांग्र्रेस व सपा के लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। अब तक 53 करोड़ से अधिक खातों में जनता को 36 लाख करोड़ से अधिक रुपये दिए जा चुके हैं।
इस मौके पर मौजूद राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में दिव्यागों को नौकरी में चार प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के वरिष्ठ प्रबंधक अनुपम प्रकाश ने बताया कि अब ऐसे उपकरण भी देश में ही बनने लगे हैं जो विदेशों से मंगाने पड़ते थे। इसके लिए एलिम्को में 300 करोड़ से प्लांट का विस्तार किया गया है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद मौर्य,डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने बताया कि गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए भारत ब्रांड आटा, चावल व दालों की सप्लाई भी शुरू की गई है। अच्छी गुणवत्ता का भारत ब्रांड आटा 30 रुपये, चावल 34 रुपये, चना 58 रुपये, चना की दाल 70 रुपये, मसूर दाल 89 रुपये, मसूर साबुत 93 में व मसूर की छिलका रहित दाल 107 रुपये व प्याज 35 रुपये किलो की दर पर आम लोगों को मिल सकेगा।