बाराबंकी। जिले में बीज की गुणवत्ता और निर्धारित दर पर उसकी बिक्री सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से एसडीएम की अध्यक्षता में गठित टीमों ने शनिवार को 46 बीज की दुकानों की जांच की। इस दौरान दो बीज विक्रेताओं को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। जबकि कुल 56 बीज के नमूने भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
उप कृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह ने रामनगर क्षेत्र में पांच दुकानों का निरीक्षण किया और चार नमूने भरे। वहीं, जिला कृषि अधिकारी राजितराम ने शहर में आठ दुकानों का निरीक्षण करके 15 बीज के नमूने भरे।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विजय कुमार ने हैदरगढ़ में सात दुकानों का निरीक्षण किया और पांच नमूने भरे। उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सौरभ कुमार ने सिरौलीगौसपुर में पांच दुकानों का निरीक्षण कर दो नमूने भरे। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप राहुल कुमार ने रामसनेहीघाट में सात दुकानों की जांच की और छह नमूने भरे। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक प्रीतम सिंह ने फतेहपुर में सबसे अधिक 14 दुकानों की जांच की और 24 बीज के नमूने लिए।
फतेहपुर क्षेत्र में जांच के दौरान मेसर्स लोधी बीज भंडार और मेसर्स मौर्या खाद भंडार (विशुनपुर) के अभिलेख अधूरे मिले। इस पर टीम ने दोनों विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया है।