बाराबंकी। बच्चों की जान जोखिम में डालकर बिना फिटनेस कराए दौड़ रहे 222 स्कूली वाहनों के स्वामियों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें वाहन की फिटनेस कराने के लिए 15 दिन की मोहलत देते हुए चेताया गया है कि तय अवधि में फिटनेस न कराने पर इन वाहनों का पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ दफ्तर में 1128 स्कूली वाहन बस व वैन के रूप में पंजीकृत हैं। वाहनों का फिटनेस कराने के लिए कई बार स्कूल के प्रबंधकों को चेतावनी दी जा चुकी है। इसके लिए कार्यालय में शिविर तक आयोजित कराए जा चुके हैं। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधक व वाहन स्वामी अपने वाहनों की फिटनेस कराने को लेकर उदासीन बने हैं।
इसके चलते ही 222 स्कूली वाहन स्वामियों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है। एआरटीओ प्रशासन अंकिता शुक्ला ने बताया कि नोटिस जारी की गई है और वाहनों के नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं। शिकायत मिलने या फिर चेकिंग में पकड़े जाने पर चालक व वाहन स्वामी पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।