सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। क्षेत्र के 26 जर्जर परिषदीय विद्यालयों के भवनों की नीलामी प्रक्रिया प्राथमिक विद्यालय बदोसरांय प्रथम में आयोजित की गई। नीलामी प्रक्रिया सुबह से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली। नीलामी प्रक्रिया में सबसे अधिक बोली लगाने वाले खरीदारों के नाम भवन नीलाम किए गए।
सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों के भवन लंबे समय से पुराने और जीर्ण अवस्था में थे, जिसके कारण वहां कक्षाएं संचालित नहीं हो रही थीं। नीलामी के बाद इन भवनों में से प्राथमिक विद्यालय करोरा का भवन राम प्रसाद ने 24,800 रुपये में खरीदा, जबकि प्राथमिक विद्यालय केवलापुर का भवन यशवंत सिंह ने 35,700 रुपये में लिया।
इसी तरह कंपोजिट विद्यालय संदेवा भवन की नीलामी 41,100 रुपये में पूरी हुई। इसके अलावा दरवेशपुर, मुश्कीपुर, चैला, मीरापुर, कोठीडीहा, पीठापुर, प्यारेपुर सहित कुल 26 विद्यालय भवनों की नीलामी सबसे अधिक बोली लगाने वालों के नाम किया गया। बीईओ संजय कुमार ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूरी की गई।