बाराबंकी। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पांचवें दिन वसंत पंचमी के शुुुुभ मुहूर्त में प्रमुख दलों के प्रत्याशी शनिवार को नामांकन करेंगे। इनमें भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के अलावा अन्य दल शामिल हैं। भाजपा ने अपने सभी उम्मीदवारों को पार्टी के जिला कार्यालय पर बुलाया है वहीं से सभी एक साथ नामांकन करने के लिए जाएंगे। इसी तरह सपा, कांग्रेस और बसपा के भी कई प्रत्याशी पर्चा दाखिल करेंगे।
वसंत पंचमी के मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए कई दिग्गज नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश करने के लिए शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की तैयारी पूरी कर ली है। भाजपा के सभी उम्मीदवार जो पहले अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं उन्हें भी पार्टी कार्यालय पर बुलाया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश ने बताया कि यहां पर राज्यमंत्री वीरेंद्र तिवारी मौजूद रहेंगे।
भाजपा के सतीश शर्मा, दिनेश रावत पहले अपना एक सेट दाखिल कर चुके हैं अन्य चार उम्मीदवार साकेंद्र वर्मा, शरद अवस्थी, अंबरीश रावत, अरविंद मौर्या शनिवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। वहीं सपा से राकेश वर्मा और सुरेश यादव के नामांकन करने की पुष्टि पार्टी अध्यक्ष हाफिज अयाज ने की है।
बसपा की ओर से रामकिशोर शुक्ला, डॉ. विवेक वर्मा और मीता गौतम अपना नामांकन करेंगी। बसपा जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गौतम ने बताया कि सभी उम्मीदवार नामांकन कक्ष पहुंचकर अपना नामांकन करेंगे। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहसिन ने बताया कि ज्ञानेश शुक्ला अपना नामांकन करेंगे। सभी उम्मीदवार शुभ मुहूर्त के अनुसार अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।