चौपुला चौराहे से रामनगर-गोंडा हाईवे की ओर भेजे जा रहे वाहन। -संवाद
बाराबंकी। रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बाराबंकी से गुजरा लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पुलिस के हवाले रहा। लगातार तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी अयोध्या की ओर वाहनों के जाने पर पाबंदी रही। इन तीन दिनों में करीब 80 हजार वाहनों को बहराइच हाईवे पर डायवर्ट किया गया।
बाराबंकी के चौपुला तिराहे पर पुलिस लाउडस्पीकर से सूचना प्रसारित करवाती रही।
बृहस्पतिवार सुबह बाराबंकी व अयोध्या प्रशासन के साथ यातायात निदेशालय ने अयोध्या में भीड़ की समीक्षा की तो तय किया गया कि अभी बाराबंकी से अयोध्या की ओर वाहनों पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके बाद लखनऊ जिले की सीमा से रामसनेहीघाट तक करीब 50 किमी लंबे हाईवे को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
शहर के चाैपुला तिराहे पर बैरिकेडिंग को और मजबूत कर दिया गया। यहां तक कि सुबह से दोपहर तक बसों को भी रोक दिया गया। इस दौरान सफेदाबाद, सफदरगंज व रामसनेहीघाट में पुलिस तैनात रही।
अयोध्या हाईवे पर पूरा दिन एसपी दिनेश कुमार सिंह ने स्वयं कमान संभाली। केवल बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से देर रात तक 35 हजार वाहनों को डायवर्ट कर अयोध्या नहीं जाने दिया गया।
इंतजार में भटकते रहे यात्री
चौपुला तिराहे से रोजाना करीब पांच से छह हजार लोग अयोध्या, अंबेडकरनगर व पूर्वांचल के अन्य जिलों को जाने के लिए बसें पकड़ते हैं। बृहस्पतिवार को ऐसे सैकड़ों यात्री इंतजार में भटकते रहे। कुछ तो मन मसोसकर अधिक किराया देकर बहराइच के रास्ते गए। तमाम वाहन शहर से चौपुला तक सड़क किनारे खड़े रहे।