रामनगर (बाराबंकी)। बाराबंकी-बहराइच राजमार्ग पर शनिवार दोपहर में दो वाहनों के बीच आमने सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में नौ लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव के पास स्कॉर्पियो और डिज़ायर कार में हुई भिड़ंत से हादसे के बाद हाईवे पूरे रूट पर करीब एक किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। इससे जाम में फंसे लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानी उठाना पड़ी।
पुलिस के अनुसार, गोंडा जिले की रेलवे कॉलोनी निवासी आठ लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर लखनऊ जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी रामनगर थाना क्षेत्र में कटियारा गांव के पास सेंट्रल बैंक के निकट पहुंची, सामने से आ रही डिजायर कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार चालक इमरान, माड़ेन्द्र (52), सावित्री (45), छाया (32), पप्पू (35), सपना (9), अद्विका (6), राघव (4), और अली घायल हो गए। वहीं डिज़ायर कार में सवार कानपुर जिले के पनकी निवासी सर्वेश (40), शुक्लागंज निवासी ललित वर्मा (35) और उन्नाव जिले के दही थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी रामबाबू (52) भी घायल हुए। घायलों में से सावित्री, पप्पू, सर्वेश और ललित की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर दोनों ओर यातायात बाधित होने से लंबा जाम लग गया। करीब एक किमी लंबे जाम में फंसे दो व चार पहिया वाहनों के चालकों को भीषण गर्मी में गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी उठाना पड़ी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजने के साथ केंद्र बुलवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।