हैदरगढ़। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते हैदरगढ़ स्टेशन से बसों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। लखनऊ से सुल्तानपुर मार्ग पर चलने वाली हैदरगढ़ डिपो की तीन से पांच बसें अक्सर बस स्टेशन पर रात्रि ठहराव के लिए रुकती हैं और सुबह एक के बाद एक कर खाली ही स्टेशन से निकल जाती है। कोई नियमित समय सारिणी व रात्रि पड़ाव की सूचना न होने से यात्रियों को इन बसों के संचालन की कोई सुविधा नहीं मिल पाती है।
गंतव्य तक पहुंचने के लिए यात्रियों को मुख्य चौराहे पर जान जोखिम में डालकर खड़े होकर घंटों बसों के इंतजार में खड़ा होना पड़ता है। लंबी दूरी की इन बसों में पहले से ही सवारियों के होने के कारण सीट मिलना भी दुश्वार होता है। इसके साथ ही बसों के अनुचित ठहराव के कारण हाईवे पर अक्सर जाम की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ता है।
करोड़ों की लागत से निर्मित हैदरगढ़ बस स्टेशन के निर्माण के बाद से यहां से एक भी बस का संचालन शुरू नहीं हो सका है। जबकि डिपो के स्टेशन व भवन निर्माण होने के बाद पहले से चल रही कैसरबाग डिपो की बसों का संचालन भी बंद कर दिया गया। इस कारण यात्रियों को लखनऊ तक जाने के लिए भी घंटो परेशान होना पड़ता है। एआरएम हैदरगढ़ डिपो जगदीश प्रसाद ने बताया मार्ग पर चलने वाली सभी बसों को बस स्टेशन होकर जाने के लिए आदेशित किया गया है। निर्देश का पालन न करने वाले चालक व परिचालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।