फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रभु सुमिरन संग मौजमस्ती व बधाइयों में बीता नववर्ष का पहला दिन

विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। नए साल का स्वागत लोगों ने आस्था, जोश व श्रद्धा संग किया। उत्साह इस कदर रहा कि जिधर देखो उधर ही लोग उमंग से लबरेज नजर आए। धनोखर चौराहा देर शाम तक गुलजार रहा। कोई परिवार के साथ पहुंचा तो कोई दोस्तों के संग। पूरे दिन बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। वहीं नए साल के जश्न में डूबे लोगों ने अपनी परंपराओं का भी बखूबी निर्वहन किया।
विज्ञापन

नए साल के लिए मंगलकामना और खुशहाली के लिए दुआ के साथ लोगों ने मंदिर, चर्च से लेकर मजार पर जाकर प्रार्थना की। धनोखर मंदिर में विशेष गायत्री पूजा की गई। वहीं डीएम व एसपी समेत अन्य अफसरों के यहां भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
वर्ष 2020 के पहले दिन बुधवार को किसी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया तो किसी ने फोन पर ही नववर्ष की शुभकामनाएं दीं तो किसी ने फूल व ग्रीटिंग कार्ड दिया। सुबह से शुरू हुआ बधाइयों का दौर देरशाम तक चलता रहा।
विज्ञापन

सुबह धूप खिली तो नए वर्ष के स्वागत की गर्मजोशी सबके चेहरे पर दिखाई पड़ी। हर तरफ मस्ती का आलम रहा। एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहने की होड़ लगी रही। न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए युवाओं व युवतियों में जबरदस्त उत्साह रहा।
डीएम आवास पर डॉ. आदर्श सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। अधिकारियों ने बुके देकर न्यू ईयर सेलिब्रेट किया। वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी आकाश तोमर को उनके मातहतों ने गुलदस्ता भेंट किया। उधर विकास भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्यालय जाकर सीडीओ मेधा रुपम को बुके, पेन व डायरी देकर नववर्ष की बधाई दी।
नए साल के पहले दिन हैप्पी न्यू ईयर कहने को लेकर युवाओं व युवतियों में होड़ लगी रही। बच्चों ने एक-दूसरे को फूल और ग्रीटिंग कार्ड देकर बधाइयां दी। लखपेड़ाबाग स्थित रामसेवक यादव स्मारक इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने केक काटकर नववर्ष का स्वागत किया। प्रबंधक विकास यादव ने नववर्ष की बधाई दी।
नववर्ष के स्वागत को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में रोज से अधिक चहलपहल रही। धनोखर मंदिर में भोर से ही भजन-कीर्तन शुरू हो गया। मुख्य पुजारी मुरारी लाल बाजपेई के सान्निध्य मेें शाम को विशेष गायत्री पूजा हुई। मंदिर पहुंचे भक्तों ने बजरंग बली, शिवजी व मां दुर्गा की आराधना की। इसके अलावा कैलाश आश्रम, नागेश्वरनाथ मंदिर, मुड़कटी देवी मंदिर व सांई मंदिर में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मंगल कामना की।
लखपेड़ाबाग स्थित असेंबली आफ ऑलमाइटी गॉड चर्च में प्रार्थना सभा हुई। पास्टर अमित ने संदेश दिया कि किसी के लिए अच्छा न कर पाएं तो बुराई भी न करें। आप अपने लिए जो सोचते हैं, दूसरों के लिए भी वैसे ही अच्छा सोचें। यही नववर्ष पर संकल्प लें। प्रभु यीशु ने यही संदेश दिया है कि हम सब भाईचारा, प्रेम व एकता के साथ रहें।
नए साल के पहले दिन लोधेश्वर महादेव बम-बम के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही भोलेबाबा के दर्शन व जलाभिषेक करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं पड़ी। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।
हैदरगढ़ में गंगा गोमती के तट स्थित औसानेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भीड़ रही। यहां पहुंचे भक्तों ने जलाभिषेक कर मंगल कामना की। कई भक्तों ने गोमती नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की। घंटे-घड़ियाल व शंखध्वनि से वातावरण गूंज उठा।
भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में नववर्ष पर बैंक को ब्लू व ह्वाइट बैलून से सजाया गया। साथ ही बैंक आने वाले उपभोक्ताओं में मिठाई बांटी गई। मुख्य प्रबंधक राकेश कुमार ने बताया कि बैंक को आगे बढ़ाने का सभी कर्मचारियों ने संकल्प लिया और उपभोक्ताओं की प्रगति, उन्नति व सफलता की कामना की।
संत शिरोमणि समर्थ जगजीवन साहेब की तपोभूमि पर बुधवार को खासी भीड़ रही। नए साल के पहले दिन श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि पर प्रसाद चढ़ाकर जयकारों के साथ परिक्रमा की। भक्तों ने बाबा की पवित्र समाधि पर प्रसाद चढ़ाकर अपने तथा अपने परिवार के लिए मंगल कामना की।
सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की मजार पर देश के कोने-कोने से आए जायरीन ने माथा टेका। या वारिस की सदाओं से मजार परिसर गूंज उठा। मंगलवार रात से ही मजार परिसर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। जैसे-जैसे रात परवान चढ़ती गई, मजार परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और सुबह मजार खुलने पर श्रद्धालुओं ने माथा टेककर खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
जिला पंचायत परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ द्वारा नए साल के अवसर पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और एक साथ भोजन ग्रहण किया। वहीं कोटवाधाम में चौराहे पर तहरी भोज का आयोजन हुआ जिसमें शामिल हुए लोगों ने एक-दूसरे को नए साल की बधाई दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें