बाराबंकी। लोनीकटरा क्षेत्र के जरौली गांव में कोटे की दुकान के चयन को लेकर बैठक के दौरान सोमवार को दो गुटों में भिड़ंत व पथराव की घटना में पुलिस ने एक पक्ष के सात लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रधान के घायल पुत्र की रिपोर्ट दर्ज कर की गई है। फायरिंग के आरोप एक लाइसेंसी बंदूक जब्त की है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है।
बैठक में पुलिस व ब्लॉक के अधिकारियों की मौजूदगी में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ था। कोटे के एक दावेदार दीपक ने गुप्त मतदान से निर्णय कराने की मांग की तो दूसरे पक्ष के विवेक ने विरोध जताया। इस बात पर दोनों पक्ष के लोगों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान जमकर पथराव किया गया। हवाई फायरिंग करने का अभी आरोप है। ब्लॉक कर्मी स्कूल के कमरे में जा छिपे। इस घटना में घायल ग्रामीणों को पुलिस ने सीएचसी पर भर्ती कराया। मंगलवार को ग्राम प्रधान के पुत्र उमेश की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जरौली निवासी रावेंद्र, रावले, सुरजीत, राजेश, अजय कुमार व भवानीगंज गांव निवासी बबलू, दहिला निवासी महादेव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हवाई फायरिंग के आरोप में एक लाइसेंसी बंदूक जब्त की है। दूसरे पक्ष के रावेंद्र की तहरीर पर प्रधान पुत्र शानू, भगत, राहुल, शुभम, राजकुमार, कल्लू, अटल, सौरव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी थानाध्यक्ष रामजी सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर एक पक्ष के सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। दूसरे पक्ष के विरुद्ध शांति भंग की धारा में कार्रवाई की गई है।