बाराबंकी। ओडिशा स्थित देश के प्रमुख तीर्थ स्थल पुरी जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नीलांचल एक्सप्रेस में लखनऊ से सीमित कोटा होने के कारण यात्रियों को अक्सर लंबी वेटिंग लिस्ट का सामना करना पड़ता था। रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए गोमतीनगर से पुरी के मालतीपाटपुर के लिए नई ट्रेन शुरू करेगा। इस ट्रेन का बाराबंकी स्टेशन पर करीब 10 मिनट तक ठहराव रहेगा।
रेलवे के जनसंपर्क विभाग की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया कि यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन बृहस्पतिवार को चलेगी। रेलवे ने इसे अपने नए टाइम टेबल में शामिल कर लिया है। पहले यह ट्रेन नवंबर 2023 में स्पेशल सेवा के रूप में चली थी, जिसे बाद में बंद कर दिया गया था। यात्रियों की लगातार मांग पर अब इसका नियमित संचालन दोबारा शुरू किया जा रहा है।
इस ट्रेन का ठहराव बाराबंकी के अलावा गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, देवरिया सदर, भटनी, बेलथरा रोड, मऊ, औडिहार, जौनपुर जंक्शन, वाराणसी, सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर प्रस्तावित है।
बाराबंकी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अरुण रायजादा ने बताया कि इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को बाराबंकी से ही पुरी के लिए सीधी ट्रेन मिलने से उनकी यात्रा सुखद बन सकेगी।