एक घर में रविवार रात चोरी करने घुसे चार चोरों को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। इसमें एक को तो मौके पर पकड़ लिया गया लेकिन तीन भाग निकले। इस बीच चोरों में एक का शव सोमवार देर शाम एक नाले में बरामद हुआ है। जानकारी पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र के नर्दही गांव में रविवार रात को रामफेर के घर में चोरी की नियत से चोर घुसे थे। घर का सामन गिरने की आवाज से जागे घर मालिक के गुहार लगाने पर पड़ोसी रामफेर, चंद्रशेखर व राम सुचित आदि ने भाग रहे चोरों के एक साथी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दिया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था।
पकड़े गए चोर रायबरेली के थाना बछरांवा स्थित सुलेंदी गांव निवासी दिनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने सोमवार को उसे कोर्ट मेेें पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस बीच सोमवार शाम गांव के बाहर से निकली शताब्दी ड्रेन के पानी में एक युवक का शव पड़ा देखा गया।
ग्रामीणों ने जब इसे देखा तो पुलिस को बताया कि यह उन्हीं चोरों के गिरोह का है जो रात में भाग निकले थे। पुलिस द्वारा शव को निकलवाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि अभी शव बाहर न निकलने से मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
एसओ विजय शंकर यादव ने बताया कि फरार हुए चोरों में थाना क्षेत्र के बड़वल गांव निवासी अमरनाथ व उसके दो अन्य साथियों के होने की बात सामने आई है। कहा जिस चोर का शव मिला है वह भी इन तीनों में से एक है लेकिन शव की शिनाख्त होने पर ही यह बात स्पष्ट हो सकेगी।
जिस चोर का नाले में शव मिला है उसकी पिटाई करने के बाद नाले में फेंकने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस के फंदे में आने के डर से गांव के लोग इस बारे में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि जो चोर पकड़ा गया था उसकी पिटाई हुई थी इस दौरान जल्दबाजी में भागने के दौरान एक चोर नाले में जा गिरा होगा। हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही यह बात सामने आ सकेगी।