महादेवा (बाराबंकी)। महादेवा महोत्सव में रविवार को भजन संध्या में प्रसिद्घ भजन गायक किशोर चतुर्वेदी ने जब भजनों की प्रस्तुति देनी शुरु की तो लोग भावविभोर हो गए। भगवान शिव के प्रति अगाध आस्था व नटखट कान्हा के भजन देर रात तक गूंजते रहे। किशोर ने कहा कि पहली बार महादेवा आकर अभिभूत हो गया हूं। उन्होंने बताया कि वे अब तक चार हजार से अधिक भजन गा चुके हैं।
शाम करीब आठ बजे कार्यक्रम की शुरुआत न्यायाधीश सूर्य प्रकाश शर्मा व पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने दीप प्रज्जवलित कर की। किशोर चतुर्वेदी ने अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम, राम नारायणम जानकी वल्लभम... सुनाकर माहौल बनाया। इसके बाद शिव नाम प्यारा मेरा शिव नाम प्यारा..., शिव की करो आराधना..., पायो जी मैंने राम रतन धन पायो..., गोविंद जय जय गोपाल जय जय... समेत एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर भक्ति की बयार चला दी।
उनके साथ मंच पर मौजूद स्वाती रिजवी की शिव बरात..., बड़ा नटखट है रे कृष्ण कन्हैया..., ईश्वर सत्य है, सत्य ही शिव है, बोलो सत्यम शिवम सुंदरम... जैसी दी गई प्रस्तुति भी खूब सराही गई। किशोर चतुर्वेदी ने बताया कि वह देश-विदेश के बड़े मंचों पर भजनों की प्रस्तुति दे चुके हैं। कई एल्बम भी बनाए हैं। इस मौके पर ब्लाॅक प्रमुख लकी सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक यादव, शेखर हयारण, आशीष सिंह, शिवम मिश्रा आदि मौजूद रहे।