महादेवा (बाराबंकी)। काशी में खेलै, घाट में खेलै, होली खेलै मसाने में... इस गीत पर बजते तेज संगीत की लय जब गूंजी तो महादेवा ऑडिटोरियम में मौजूद दर्शक भी झूमने लगे। इस दौरान लोगों ने हर-हर बम-बम के जयकारे लगाए। रविवार को महादेवा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में जिले की सुर संगीत म्यूजिक एंड डांस एकेडमी के कलाकारों ने भी जोरदार प्रस्तुति दी।
इस दौरान डमरू व त्रिशूल हाथ में लिए भोलेनाथ के रूप में सजे-धजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान शिव की झांकी के साथ कर्पूरगौरं करुणावतारं संसारसारं भुजगेन्द्रहारम... की प्रस्तुति के बाद रवीन्द्र, शुभम, सतवीर और दिव्य आदि ने हर हर शंभू, काशी विश्वनाथ शंभू की प्रस्तुति दी। इसके बाद होली खेलैै मसाने में गीत पर लोग झूम उठे।
गायिका सुष्मिता शर्मा ने बोलो सत्यम शिवम सुंदरम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। मुशीर आलम ने बड़ी दूर से आए हैं, प्यार का तोहफा लाए हैं..., विजय यादव ने देर न हो जाए कहीं, देर न हो जाए प्रस्तुत किया। अंत में राधा-कृष्ण बने कलाकारों ने मयूर नृत्य किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम तान्या सिंह व सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।