फतेहपुर (बाराबंकी)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कन्दरौला पुरवा में मंगलवार रात रंजिश में एक किसान की हत्या कर दी गई। पहले तो पुलिस ने मामले को सड़क हादसा बताया मगर बाद में तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कन्दरौला पुरवा निवासी राखी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, गड़ कन्दौरा पुरवा गांव के निवासी राममनोरथ, रामहेत व हेमंत वर्मा से उनके पिता श्रीकेशन उर्फ कृष्ण कुमार (45) की रंजिश चल रही है। छह-सात साल पहले मारपीट भी हुई थी। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कृष्ण कुमार किसी काम से घर से निकले थे। आरोप है कि इस दौरान सूरतगंज जाने वाली सड़क पर गनेशपुरवा चौराहे से पहले राममनोरथ, रामहेत व हेमंत वर्मा ने मिलकर कृष्ण कुमार से गालीगलौज की और पीटा।
इसमें कृष्ण कुमार गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो तीनों भाग गए थे। परिवारीजन घायल कृष्ण कुमार को लेकर सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों के बयान लिये।
छानबीन के दौरान पुलिस ने जब घटना को सड़क हादसा बताया तो परिवारीजन भड़क गए। आखिरकार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की छानबीन शुरु की है। आरोपियों में से राममनोरथ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।