सतरिख (बाराबंकी)। क्षेत्र के मल्लाहनपुरवा मजरे बरौली स्थित रिश्तेदारी में आए साधु की एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के दमरिया मजरे लवलई निवासी रामचंद्र मल्लाह (60) अविवाहित था। वह बाबा होकर प्रभु का गुणगान कर इधर-उधर विचरण करता रहता था। लखनऊ में रामचंद्र के पास कीमती प्रॉपर्टी भी है। करीब एक पखवाड़ा पहले बाबा रामचंद्र सतरिख थाना क्षेत्र के मल्लाहनपुरवा मजरे बरौली अपनी बुआ की बेटी सरजूदेई के घर आया था। पुलिस के मुताबिक, वह घूम-घूमकर भिक्षा मांगकर खाता था। शुक्रवार की शाम वह गांव में घूम रहा था।
इसी दौरान एक महिला से कहासुनी हो गई। यह देख पास में खड़े युवक आलोक निषाद ने कुल्हाड़ी से हमलाकर साधु की हत्या कर दी। इसकी सूचना होने पर सीओ सदर नवीन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी युवक को कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर साधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस बाबत प्रभारी एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि मृतक रामचंद्र मल्लाह लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र का रहने वाला है। शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए एएसपी दक्षिणी मनोज पाण्डेय को मौके पर भेजा गया है। शीघ्र ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा।