लखनऊ। गोमतीनगर के विपुलखंड में बुधवार शाम बदमाश ने महिला से सोने की चेन लूट ली। उनके बेटे ने गोमतीनगर थाने में लूट की एफआईआर दर्ज कराई है।
विवेक कुमार गुप्ता के अनुसार बुधवार शाम उनकी 59 वर्षीय मां राजकुमारी पोते मीतांश गुप्ता को डांस एकेडमी छोड़कर लौट रही थीं। पानी की टंकी वाले पार्क के पास पीछे से आया लुटेरा धक्का देकर उनकी चेन लूट ले गया। सड़क पर गिरकर राजकुमारी चोटिल हो गईं। इस बीच बदमाश पास में खड़े स्कूटी सवार साथी के साथ भाग निकला।
राजकुमारी ने शोर मचाया पर लोगों के एकत्र होने से पहले दोनों लुटेरे भाग चुके थे। सूचना मिलते ही मौके पर गोमतीनगर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने स्कूटी सवारों को तलाशा, पर कुछ पता नहीं लगा। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि स्कूटी सवार लुटेरों की कुछ फुटेज मिली है। टीम उनकी तलाश में लगी है।