गुडंबा। मड़ियांव के आईआईएम चौराहे से चोरी की बाइक लेकर चोर बेखौफ सड़कों पर घूमता रहा। इस दौरान टेढ़ी पुलिया चौराहे पर बिना हेलमेट के उसका दो बार ई चालान भी हुआ, लेकिन पुलिस उस तक नहीं पहुंच सकी।
दुबग्गा के बसंतकुंज सेक्टर-एन ब्लॉक निवासी संजय कुमार के अनुसार 21 जून की रात उनकी बाइक आईआईएम चौराहे से चोरी हो गई थी। काफी तलाशने पर भी उसका पता नहीं चला। इसी बीच 24 जून और आठ जुलाई को उसी बाइक का टेढ़ी पुलिया चौराहे पर बिना हेलमेट के दो बार ई चालान होने का संदेश मिला। पीड़ित का कहना है कि उसने दोनों बार पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि 16 जुलाई को मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बाइक और आरोपी की तलाश की जा रही है।